माधौगंज। थाना क्षेत्र के नयागांव मार्ग पर सोमवार रात बाइक सवार ट्रैक्टर चालक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में चालक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर परिजन में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
बघौड़ा निवासी अनुज (30) मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के बांसा गांव में ईंट भट्ठे का ट्रैक्टर चलाते थे। सोमवार रात ट्रैक्टर भट्ठे पर खड़ा कर अनुज बाइक से वापस अपने गांव जा रहे थे। माधौगंज नयागांव मार्ग पर सुमेरगंज और खंधेरिया के बीच किसी वाहन ने अनुज की बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से अनुज को सीएचसी माधौगंज पहुंचाया। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना का पता चलने पर पत्नी सुरभि बदहवास हो गईं। मृतक के परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। थानाध्यक्ष राजकुमार सरोज ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बाइक में टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में पता नहीं चल पाया। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।