सांडी में बंद दुकानें और गली में की गई बेरीकेटिंग। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पिहानी और बिलग्राम में कोरोना पॉजिटव केस मिलने के बाद वहां की गई पूर्ण बंदी के बाद प्रशासन और सतर्क हो गया है। इसी के मद्देनजर अब पाली नगर पंचायत क्षेत्र और सांडी नगर पालिका क्षेत्र को सोमवार से तीन दिनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया। इस दौरान आवश्यक सेवाओं की दुकानें भी नहीं खुलीं। बैंक और अन्य प्रतिष्ठान भी बंद रहे।
पाली कस्बा पहुंचे डीएम पुलकित खरे ने एसडीएम सवायजपुर मनोज सागर, अधिशासी अधिकारी पाली अवनीश शुक्ला, पाली के प्रभारी निरीक्षक डीपी सिंह को निर्देश दिए कि कस्बे में लगातार बंदी का प्रचार-प्रसार करें। तीनों अफसरों के मोबाइल फोन नंबर भी एनाउंस कराए जाएं। अकारण घर से निकलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
पाली ईओ को निर्देश दिए कि सफाई कर्मियों की टीम लगाकर सड़कों और नालियों की सफाई कराएं। कस्बे को सैनिटाइज भी करें। कस्बे के लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किए जाने की बात भी डीएम ने कही। इस दौरान एएसपी पश्चिमी त्रिगुण बिसेन, सीओ शाहाबाद उमाशंकर सिंह, तहसीलदार मूसाराम थारू आदि मौजूद रहे।
सांडी प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे को तीन दिन के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। एसडीएम बिलग्राम कपिल देव यादव ने कहा कि सभी लोग घरों में ही रहें।
फिलहाल मेडिकल स्टोर, बैंक आदि सभी प्राइवेट संस्थान भी बंद कर दिए गए हैं। उधर दूसरी ओर सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष अग्रवाल ने सभासदों के साथ स्वास्थ्य केंद्र में बैठक की। डॉ. आशीष अग्रवाल ने कहा कि कुल 18 टीमें स्वास्थ्य परीक्षण में लगाई जा रहीं हैं। प्रत्येक टीम में चार लोग होंगे। सोमवार को ग्रामीण क्षेत्र के ककेड़ी और आदमपुर में थर्मल स्क्रीनिंग की गई। उन्होंने सभासदों से सहयोग भी मांगा।