शाहाबाद। अधिवक्ता संघ के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई। अलग-अलग पदों पर 15 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। उपाध्यक्ष पद के एक पद को छोड़कर अन्य सभी 21 पदों पर एकल नामांकन दाखिल होने पर दावेदारों का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है। चुनाव अधिकारी अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नामांकन पत्रों की जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।
अधिवक्ता संघ शाहाबाद के नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन कमेटी के 22 पदों के सापेक्ष अध्यक्ष, महामंत्री व उपाध्यक्ष पद समेत अलग-अलग पदों पर आठ नामांकन दाखिल हुए थे।
शुक्रवार को दूसरे दिन अलग-अलग पदों पर 15 अधिवक्ताओं ने अपने नामांकन दाखिल किए। चुनाव अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नामांकन के दौरान अध्यक्ष पद पर सबाहत उल्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर हरिनाम सिंह व हरिपाल, महामंत्री पद पर अमित गुप्ता, उपाध्यक्ष पद पर सुरेंद्र कुमार, राजेश पाल वर्मा व जितेंद्र कुशवाहा, संयुक्त मंत्री पद पर सत्येंद्र यादव, राममोहन वाजपेयी, आरती मिश्रा, कोषाध्यक्ष पद पर खुर्शीद अली खां, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पर साबिर अली, राजपाल सिंह, सलीम खान, अतुल गुप्ता, राजेश राजपूत, अशोक प्रताप सिंह व कनिष्ठ सदस्य पद पर सिंधुल मिश्रा, हसनैन वारसी, इमरान खान, अनीस खां, सौरभ दुबे व सोमा सैनी ने नामांकन दाखिल किया।
चुनाव अधिकारी व एल्डर कमेटी के अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर दो, जबकि अन्य सभी पदों पर एकल नामांकन प्राप्त हुए हैं। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नामांकन पत्रों की जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी। इस मौके पर एल्डर्स कमेटी के हरिओम कटियार, विजय प्रताप अवस्थी, रणवीर सिंह यादव व अमित मिश्रा भी मौजूद रहे।