एसबीआई में लगी ग्राहकों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। बैंकों में नियमित रूप से जरूरी कामकाज करने वालों को भीड़ और असुविधा से दो चार होना पड़ सकता है। चालू सप्ताह में सिर्फ सोमवार एवं मंगलवार को ही बैंक शाखाएं खुली हैं। उसके बाद बुधवार से रविवार यानी 23 मार्च से 26 मार्च तक अवकाश है। 23 व 24 मार्च बुधवार और गुरुवार को होली का अवकाश है तो 25 मार्च शुक्रवार को गुड फ्राइडे का अवकाश है।
26 मार्च को माह के चौथे शनिवार का अवकाश तो 27 मार्च रविवार को संडे का सार्वजनिक अवकाश है। ऐसे में 22 मार्च मंगलवार को फिर 27 मार्च सोमवार को बैंकों में भारी भीड़ होने की संभावना है। जरूरी काम निपटाने के लिए अब लोगों के पास इस सप्ताह में केवल मंगलवार का दिन बचा है।
बैंक अधिकारी भी मानते हैं कि इस ओर ग्राहकों को ध्यान रखना होगा और उन्हें जरूरी काम 22 मार्च को निपटाने होंगे, नहीं तो फिर 27 मार्च को ही बैंकें खुलने पर सेवाएं मिल सकेंगी। जिले में करीब 250 बैंक शाखाएं एवं 30 लाख से अधिक बैंक एकाउंट है। औसतन हर ब्रांच पर 10 हजार से अधिक एकाउंट हैं।
बैंकों में छह माह पूर्व तक हर शनिवार को हाफ वर्किंग डे रहता था मगर सितंबर 2015 से की गई नई व्यवस्था के तहत हर माह के दूसरे एवं चौथे शनिवार को अवकाश कर दिया गया। वहीं, पहले एवं तीसरे शनिवार को फुल वर्किंग डे कर दिया गया।
नई व्यवस्था से दीवाली एवं दशहरा के अवकाश के दौरान रविवार का अवकाश पड़ा और उसी दौरान चौथे या दूसरे शनिवार का टर्न रहा तो लगातार अवकाश पड़ गए। यदि दूसरे एवं चौथे शनिवार को अवकाश की नई व्यवस्था लागू न होती तो तीन दिनों के बाद शनिवार को बैंकें खुल जाती। जिससे लगातार पांच दिनों का अवकाश न झेलना पड़ता।
लगातार अवकाश होने के चलते सोमवार एवं मंगलवार को ग्राहकों की खासी भीड़ होना स्वाभाविक है। सभी ग्राहकों का कार्य समय से हो जाए इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई। अवकाश के दिनों में ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग, एटीएम आदि से सेवाएं प्राप्त करनी होगी। - एसबीआई मेन ब्रांच के हेड रोकश चंद्रा