मल्लावां। क ोतवाली क्षेत्र निवासी दसवीं की छात्रा ने छेड़छाड़ व अशभनील मैसेज से प्रताड़ित होकर खुद को जिंदा जलाकर जान दे दी। छात्रा को गांव के ही युवक मैसेज भेजकर व छेड़छाड़ कर प्रताड़ित करते थे। 20 जून को उसने खुद को आग लगा ली थी। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। जहां पर 22 जून को उसने दम तोड़ दिया। शनिवार को मृतका के पिता ने गांव निवासी दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के मुनौरापुर निवासी प्रेम कुमार की बेटी राखी (16) ने इसी साल दसवीं की परीक्षा पास की थी। गांव के ही शिवम सिंह व विराट सिंह पिछले कई महीना से गांव में निकलने पर छेड़छाड़ व अश्लील फब्तियां कसते थे। दोनों ने उसका मोबाइल नंबर भी किसी तरह हासिल कर लिया था। दोनों राखी को अक्सर फोन कर परेशान करते थे। कॉल करने पर राखी के रिसीव नहीं करने पर उसके नंबर पर आपत्ति जनक मैसेज भेजते थे। राखी शर्म के कारण परिजनों से इस संबंध में कुछ नहीं बताती थी। 10वीं की परीक्षा पास करने के बाद से दोनों ने राह चलते उसके साथ छेड़छाड़ करनी चालू कर दी थी। इसके चलते राखी ने पिता को दोनों की हरकतों के बारे में बताया।
पिता ने बेटी की इज्जत उछलेगी तो उसी की बदनामी होगी। यह सोचकर राखी को समझा बुझाकर शांत कर दिया। इससे दोनों के हौसले बढ़ गए। छेड़छाड़ व अश्लील मैसेज से तंग आकर राखी ने 20 जून को दोपहर घर के अंदर मिट्टी का तेल छिड़कर खुद को जिंदा जलाने का प्रयास किया। आग की चपेट में आकर चीख-पुकार मचाने पर पहुंचे परिजन व पड़ोसियों ने किसी तरह उसे आग की लपटों से अलग किया। तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गई थी। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया था। जहां पर 22 जून को देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शनिवार को मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने शिवम व विराट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल आरपी सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। मृतका दो भाइयों में इकलौती थी।