हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के दयालपुर ग्राम पंचायत की पूर्व प्रधान के पुत्र का शव शनिवार को गांव के बाहर गन्ने के खेत में मिला। वह गुरुवार से लातपा था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा था। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
अरवल थाना क्षेत्र के कर्तियापुर के मजरा दयालपुर निवासी संजीव शुक्ला (40) पुत्र शिवकरन नाथ शुक्ला उर्फ मुल्ला पूर्व प्रधान गुरुवार को घर से निकला था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को फिक्र हुई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह गांव के बाहर पूर्व प्रधान के गन्ने के खेतों की तरफ शौच को गए ग्रामीणों को दुर्गंध आई।
इस पर अंदर जाकर देखा तो संजीव का शव पड़ा था। हादसे की जानकारी पर परिजन व ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का चेहरा नीला था। इससे जहर से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ ही घटना स्थल से कुछ दूरी पर उसकी बाइक भी खड़ी थी। एसओ जावेद अहमद ने बताया की अभी उन्हें तहरीर नहीं मिली है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।