हरदोई। पटरियों की मरम्मत कराने के लिए रेलवे टिकरा फाटक बृहस्पतिवार को भी बंद रखेगा। हरदोई और करना रेलवे स्टेशन के बीच स्थित टिकरा फाटक बंद रहने से सड़क मार्ग पूरी तरह से ठप रहेगा। वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा। इससे राहगीरों को परेशानियां उठानी पड़ सकती हैं।
रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए पटरियों की मरम्मत का काम निश्चित अवधि पर होता है। इसी क्रम में हरदोई और करना स्टेशन के बीच रेल पटरियों की मरम्मत की जा रही है। इस दौरान क्षतिग्रस्त स्लीपरों को भी बदला जाना है। बता दें कि बीते 23 से 26 मई तक कार्य कराया जाना प्रस्तावित था लेकिन समय से पूरा नहीं हो पाया। ऐसे में दो दिनों का काम बढ़ा दिया गया है। अब बुधवार और बृहस्पतिवार को भी टिकरा फाटक बंद रहेगा।
सीनियर सेक्शन अभियंता रेल पथ पंकज शर्मा ने बताया कि पटरियों की मरम्मत के साथ ही उससे जुड़ी अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जाएगा। इस वजह से समपार संख्या 274 सी टिकरा फाटक को शनिवार 27 और 28 मई को भी सुबह सात से शाम छह बजे तक बंद रखा जाएगा। इस दौरान फाटक से होकर जाने वाले सड़क वाहन समपार संख्या 276 सी कंडौना फाटक से गुजारे जाएंगे।