पिहानी। पिहानी क्षेत्र के हसैयामऊ व आसपास के गांवों में बुधवार को बाघ के पंजों के निशान मिले हैं। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच के बाद पंजों के निशान बाघ के होने की पुष्टि की है।
हसैयामऊ गांव के लोगों ने बुधवार को गांव के बाहर व आस पास खेतों में जंगली जानवर के पंजों के निशान देखे। इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। थोड़ी देर बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
वन रेंजर शीतला प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया खेतों पर मिले पंजों के निशान बाघ के ही प्रतीत हो रहे हैं। कर्मचारियों की एक टीम आस पास खेतों में बाघ की टोह ले रही है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।