हरदोई। रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग के नियमों में 28 अक्तूबर से बदलाव कर दिया है। अब सुबह आठ से 10 बजे के बीच रिजर्व ट्रेन टिकट बुक करने के लिए यात्रियों को आधार प्रमाणीकरण कराना जरूरी हो गया है। ट्रेन टिकट बुकिंग में हो रहे फर्जीवाड़े और एक साथ कई टिकट बुक करने की गड़बड़ी को रोकने के लिए नियम को लागू कर दिया गया है।
किसी भी ट्रेन के लिए टिकट विंडो सुबह आठ बजे खुल जाती है। ऐसे में सुबह आठ से लेकर 10 बजे तक का समय स्लॉट ट्रेन टिकट बुक करने का सबसे व्यस्त समय होता है। इस दौरान प्रमुख ट्रेनों के टिकट विंडाे खुलने के कुछ मिनटों में खत्म हो जाते हैं। इन दो घंटों में टिकटों की भारी मांग के कारण एजेंट्स की फर्जी टिकट बुकिंग की शिकायतें आती हैं। त्योहारों के समय तो स्थिति और खराब हो जाती है। इस पर ही रोकथाम लगाने के लिए रेलवे ने इस नियम को लागू किया है। नियम के अंतर्गत आधार से प्रमाणित आईडी से उपयोगकर्ता ही टिकट की बुकिंग कर सकेंगे।
हालांकि, 10 बजे के बाद से टिकट बुकिंग में आधार प्रमाणित होना जरूरी नहीं है। यानि बाकी समय में पुराने तरीके से कोई भी उपयोगकर्ता अपने अकाउंट से टिकट बुक कर सकता है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य रेल प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि पहले दिन जब आरक्षण खुलता है, उस दिन सुबह आठ से 10 बजे तक का समय स्लॉट केवल आधार-प्रमाणित उपयोगकर्ता के लिए ही रहेगा।