फोटो-44-पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। स्रोत: पुलिस
फतेहपुर। क्राइम डिटेक्शन और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को ई-रिक्शे में सवारी बनकर चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये कीमत के चोरी के जेवर और 25 हजार रुपये नकद बरामद किए। आरोपियों को सनगांव मोड़ के पास से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मलवां थाना क्षेत्र के सूपा गांव निवासी इमाम और मोहम्मद आरिफ तथा कोतवाली क्षेत्र के बकंधा गांव निवासी शफीक शामिल हैं। उनके पास से हार, झुमका, मंगलसूत्र, अंगूठी, सलाई और पायल बरामद हुई। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के नौगांव निवासी बृजेश दुबे दो जुलाई को शादी समारोह से परिवार के साथ लौट रहे थे। वह जयराम नगर से ई-रिक्शे में लखनऊ बाईपास जा रहे थे। रास्ते में ई-रिक्शे में सवार आरोपियों ने उनके बैग में रखे जेवर चोरी कर लिए थे। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जोनिहा बस स्टॉप पर ई-रिक्शे से सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बृजेश सोनकर के साथ ई-रिक्शे में बैठ गए। आपस में सांठगांठ कर बृजेश दुबे का बैग ड्राइवर सीट के नीचे रखवा दिया। रास्ते में बातचीत में उलझाकर जेवर से भरा छोटा बैग चोरी कर डिकी में रख लिया। लखनऊ बाईपास पर सवारियों को उतारकर वे निकल गए। कुछ जेवर बेचने के बाद बाकी का आपस में बंटवारा कर लिया। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।