मल्लावां। गंगा में नहाने के दौरान तीन किशोर नदी में डूब गए। तीनों को डूबते देख आसपास मौजूद लोगों ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। दो किशोर सकुशल बाहर निकाल लिए गए, जबकि तीसरे का शव लगभग चार घंटे बाद घटनास्थल से 100 मीटर दूर नदी से ही बरामद किया गया।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के देवीपुरवा मजरा रहीमपुर लोन्हारी के पास से गंगा नदी निकली है। गांव निवासी भगवानदीन का पुत्र रेशू (13), नरेश का पुत्र सोनू (14) और सुरेंद्र का पुत्र आकाश (17) गंगा नदी किनारे पलेज से तरबूज लेने के लिए गए थे। इसी दौरान तीनों ही गंगा नदी में नहाने लगे। नहाने के दौरान तीनों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
गंगा किनारे तरबूज की फसल की निगरानी कर रहे किसानों ने किशोरों को डूबते हुए देखा तो नदी में कूद गए। इन लोगों ने सोनू और रेशू को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन आकाश का पता नहीं चला। इसके बाद आकाश के परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। आकाश के परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और नदी में उतरकर किशोर की तलाश शुरू की। लगभग चार घंटे बाद आकाश का शव बरामद कर लिया गया। आकाश चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। शव मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।