- सांसद और विधायक निधि के कार्यों को दुरुस्त कराने के लिए दिए डीएम ने दिया सात दिन का समय
- डीएम बोले-संस्था से सहयोग न मिलने से कार्यों में हो रही देरी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। कमियों को ठीक कराने और पत्रों के जवाब देने में देरी और लापरवाही पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सांसद और विधायक निधि के काम कराने वाली कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं से जवाब-तलब किया है। सात दिन के अंदर कमियों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि इस अवधि में काम न होने पर कटौती की जाएगी।
सांसद और विधायक निधि के कार्यों की बृहस्पतिवार को डीएम ने समीक्षा की। उन्होंने पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक, यूपीएसआईसी-4 कानपुर के अधिशासी अभियंता और यूपीएसआईसी लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक और यूपीसिडको के अधिशासी अभियंता से काम में देरी के लिए नाराजगी जाहिर की।
कहा कि सांसद एवं विधायक निधि के काम में कार्यदायी संस्था से सहयोग न मिलने से भी देरी हो रही है। कमियों को दुरुस्त कराने और पत्रों के जवाब देने में लापरवाही हो रही है, जिससे पत्रावली निस्तारण में देरी होती है। सत्यापन में लाइट स्थापना नहीं मिल रही है। तय स्थानों पर ही लाइटों की ही स्थापना कराई जाएगी।
बताया कि कमियों को दुरुस्त कराने के लिए पत्रों के जवाब न देने के साथ ही बैठकों में भी गैरहाजिरी रहती है। विधायक और सांसद निधि के प्रस्ताव पर स्टीमेट और अन्य कामों को भी समय से किए जाने की प्राथमिकता तय की जाए। सात दिन में काम न कराने पर संबंधित संस्था के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।