हरदोई/मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी रसूलपुर में फावड़ा मारकर विवाहिता की हत्या किए जाने में पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच कराया गया। फावड़े के तीन वार सिर पर किए जाने से हड्डियां चकनाचूर हो जाने और मांस बाहर निकल आने के कारण विवाहिता की मौत होने की बात पोस्टमार्टम में सामने आई है।
गढ़ी रसूलपुर निवासी शिल्पी (27) की शादी वर्ष 2018 में नयागांव निवासी गोविंद के साथ हुई थी। पति से विवाद के कारण पिछले तीन साल से शिल्पी मायके में रह रही थी। मृतका के पिता रामरहीस के मुताबिक वह अपनी पत्नी के साथ खेत गए हुए थे। घर में शिल्पी अकेली थी। इस दौरान गांव निवासी रिषभ द्विवेदी अपने पिता प्रमोद के साथ वहां आ गया। आरोप है कि घर से घसीटकर मकान के सामने बने घर में ले जाकर डंडे से शिल्पी की पिटाई की। इसके बाद फावड़े से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी और भाग निकले। घटना से गांव में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मौके का जायजा लेकर परिजनों से जानकारी ली थी। मृतका के पिता रामरहीस की शिकायत पर रिषभ और उसके पिता प्रमोद के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर भीड़ लग गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोपहर में गंगा किनारे मेहंदी घाट पर शिल्पी का अंतिम संस्कार किया गया।
उधर, दूसरी ओर पोस्टमार्टम में शव पर दाहिने कंधे से लेकर पूरे शरीर पर डंडे की चोट के 12 निशान मिले हैं। मौत की वजह सिर पर फावड़े से वार के कारण हड्डियां टूट जाने और मांस बाहर निकल आना बताई गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।
भाजपा सरकार में बेटियां सुरक्षित नहीं : जीतू
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जितेंद्र वर्मा जीतू मंगलवार को गढ़ी रसूलपुर पहुंचे। शिल्पी कुशवाहा के परिजनों को ढांढस बंधाने के बाद उसके अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। इस दौरान सपा नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महिला और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों को कोई खौफ नहीं है। मांग की कि शिल्पी की हत्या करने वाले को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। इस दौरान सईद अहमद, शहबाज खान, अजबू यादव, सौरभ वर्मा आदि मौजूद रहे।
अंतिम संस्कार में नहीं आए ससुरालीजन, हत्यारोपियों के घर पर ताला
शिल्पी की शादी वर्ष 2018 में नयागांव निवासी गोविंद के साथ हुई थी। शिल्पी ने 28 नवंबर 2025 को मल्लावां कोतवाली में रिषभ के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि रिषभ के कारण ही उसका ससुरालीजनों से अलगाव हो गया। आरोप था कि रिषभ शादी के बाद भी उसे परेशान कर रहा था। घर में जबरन घुसकर छेड़छाड़ की थी और फोटो खींचकर पति को भेज दी थी। इसकी वजह से पति से अलगाव हुआ और न्यायालय में दहेज उत्पीड़न का मामला अब भी लंबित है। शिल्पी की हत्या की जानकारी पर भी उनके ससुरालीजन घर नहीं आए। उधर, दूसरी ओर हत्यारोपी के परिजन मकान में ताला डालकर चले गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही यह लोग गांव छोड़ गए।
फोटो-25-घटनास्थल पर जानकारी लेते पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा। स्रोत मीडिया सेल