हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र के गौटिया गांव निवासी युवक की हत्या का खुलासा पुलिस ने बुधवार को कर दिया। पुलिस ने मृतक की प्रेमिका, उसके भाई और एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किए गए दो डंडे भी पुलिस ने बरामद किए हैं। आरोपी का मोबाइल भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
गौटिया निवासी अमित शुक्ला 10 नवंबर को दोपहर बाद संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। 18 नवंबर को उसका शव एलिमपुर गांव में गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला था कि अमित का प्रेम प्रसंग केसरीपुरवा निवासी पिंकी के साथ था। पिंकी से नजदीकियों के दौरान अमित ने कुछ अश्लील वीडियो और फोटो खींच लिए थे। इसी बीच पिंकी की नजदीकियां एलिमपुर निवासी जागेश पाल के साथ हो गई थीं। कुछ माह पहले पिंकी की शादी एक अन्य जगह तय हो गई। इस पर अमित उसे वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा। यह बात पिंकी ने अपने भाई रमन पाल के साथ ही एलिमपुर निवासी जागेश पाल को बताई। फिर अमित की हत्या का षड़यंत्र रचा गया।
10 नवंबर को ही शाम को पिंकी ने अमित को फोन कर बुलाया। गन्ने के खेत में उसने अपने भाई रमन पाल व एलिमपुर निवासी जागेश के साथ डंडे से वार कर अमित की हत्या कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।