संडीला। तहसील के पूर्ति निरीक्षक ने अज्ञात व्यक्ति से जानमाल की सुरक्षा की मांग की है। दर्ज रिपोर्ट में कोटा बहाल न करने पर धमकी की देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
संडीला तहसील में पूर्ति निरीक्षक के पद पर तैनात अमित चौधरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 10 सितंबर को कोथावां ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोरोकला के ग्रामीणों ने गांव की कोटेदार पर अनियमितता का आरोप लगाया था। गांव में बैठक कर शिकायत की जांच की गई और शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए गए। इसके बाद जांच रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई थी। बताया कि 13 सितंबर को डीएम के अनुमोदन व एसडीएम संडीला के आदेश पर कोटेदार का अनुबंध पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पूर्ति निरीक्षक अमित चौधरी ने बताया कि 9 अक्तूबर को अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर कोरोकला की कोटेदार को अच्छा बताते हुए कोटा बहाल करने की बात कही। फोन करने वाले ने कोटा बहाल न करने पर जानमाल की धमकी दी। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।