हरदोई। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान) के तहत गोल्डन कार्ड हर पात्र के हाथों में दीपावली से पहले पहुंचाने की कवायद जिलाधिकारी के नेतृत्व में तेज हो गई है। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में चिकित्सा अधीक्षकों/चिकित्सा प्रभारियों, बाल विकास परियोजना अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों के साथ बैठक की। शुक्रवार और शनिवार को जनपद के 160 गांवों में आयुष्मान चौपाल लगाने के साथ ही 18 से 24 अक्टूबर तक आयुष्मान सप्ताह मनाने का फैसला डीएम ने लिया है।
कलक्ट्रेट सभागार में बैठक को संबोधित करते हुए डीएम पुलकित खरे ने कहा कि 18 और 19 अक्तूबर को 80-80 गांवों में आयुष्मान चौपाल लगाई जाएगी। आयुष्मान भारत के तहत सूचीबद्ध पात्रों का गोल्डन कार्ड चौपालों में बनाया जाएगा। चौपालों में जनसेवा केंद्रों के ऑपरेटर भी मौजूद रहेंगे। 30 रुपये का शुल्क प्रत्येक कार्ड बनवाने के लिए पात्र को देना होगा। इसके अलावा 18 से 24 अक्टूबर के बीच सभी सीएचसी और पीएचसी पर आयुष्मान सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान सभी पात्रों के गोल्डन कार्ड निशुल्क बनाए जाएंगे। डीएम ने कहा कि पोषण मिशन और सुमंगला योजना की तरह आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने में भी टीम भावना से काम करें और जनपद को अग्रणी बनाने में सहयोग करें। डीएम ने बताया कि चौपाल और सप्ताह के दौरान जिन लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे उनका वितरण आशा के माध्यम से करा दिया जाएगा।
बैठक में सीडीओ निधि गुप्ता वत्स, सीएमओ डॉ. एसके रावत, डीडीओ राजितराम मिश्र, अपर जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम आदि मौजूद रहीं।
नोडल अधिकारी रखेंगे निगाह
डीएम पुलकित खरे ने बताया कि 18 और 19 अक्तूबर को होने वाली चौपालों के लिए जिला स्तर से नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। यह नोडल अधिकारी संबंधित गांवों में मौजूद रहकर गोल्डन कार्ड बनवाने के कार्य को रफ्तार देंगे। जनसेवा केंद्रों के ऑपरेटर न पहुंचने पर इसकी जानकारी भी नोडल अधिकारी डीएम कार्यालय को देंगे। एडीएम, डीडीओ और डीपीआरओ कंट्रोल रूप में बैठकर प्रगति पर नजर रखेंगे।
प्रधानों से भी मांगा सहयोग
डीएम पुलकित खरे ने सभी ग्राम प्रधानों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पात्रों के गोल्डन कार्ड बनवाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि समाज के हर व्यक्ति को स्वस्थ और निरोगी रखने में प्रधान अहम भूमिका निभाएंगे।