कोतवाली क्षेत्र के तीन घरों पर चोरों ने धावा बोलकर लाखों की नगदी और जेवरात चोरी कर लिए। सुबह घर का सामान अस्त व्यस्त देख लोगों में हड़कंप मच गया और सूचना थाना पुलिस को दी गई। पीड़ितों ने तहरीर दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है। चोर एक और घर में घुसे लेकिन गृहस्वामी के जाग जाने पर वह भाग खड़े हुए।
मंगलवार रात चोर जाजमऊ गांव निवासी सुरेश के घर में पीछे की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और बक्से और अलमारी में रखे 40 हजार रुपये नगद और करीब डेढ़ लाख के जेवर चोरी कर ले गए। सुबह जब सुरेश की नींद खुली तो घर का सामान तितर-बितर देख वह हैरत में पड़ गए। सुरेश घटना की रात परिवार सहित घर में ही सो रहे थे। सुरेश ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी।
चोरों ने इसी गांव के पास स्थित गांव जामू में सुरेश पांडे के घर पर भी हाथ साफ किया और तीस हजार रुपये नगद व करीब इतनी ही कीमत के जेवर चोरी कर लिए। इसी गांव के शिवरतन के यहां चोरों ने धावा बोला और घर में रखे 35 हजार रुपये नगद व करीब एक लाख रुपये के जेवर ले गए। इसके बाद चोर जामू गांव से मिले बख्तावर खेड़ा गांव में खगेश्वर के घर में घुसे लेकिन आहट मिलते ही खगेश्वर जग गए और उन्होंने शोर मचा दिया। जिस कारण चोर भाग गए। खगेश्वर के घर में चोर कोई नुकसान नहीं कर पाए।
बुधवार को सुबह सभी पीड़ितों ने कोतवाली आकर घटना की सूचना दी। लेकिन गुरुवार शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। कोतवाल उमाशंकर उत्तम का कहना है कि प्रार्थना पत्र मिले हैं। घटना की जांच कराई जा रही है। चोरी की घटनाएं सही पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाई की जाएगी।