फोटो-17- नगर पालिका कार्यालय। संवाद
- 15 करोड़ से बढ़ेंगे संसाधन और जनसुविधा के होंगे काम
- नगर पालिका परिषद हरदोई ने तैयार की कार्ययोजना
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। नगर पालिका परिषद हरदोई की ओर से जनसुविधा के कामों को कराए जाने के साथ ही निकाय के संसाधनों में भी बढ़ोतरी की जाएगी। निकाय ने इसके लिए राज्य वित्त और केंद्रीय वित्त आयोग के 15 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की है। जिसमें सभी वार्डों और मोहल्ला में पानी निकासी और आवागमन के लिए मार्गों के निर्माण को भी शामिल किया गया है।
नगरीय निकायों में विकास कार्यों के साथ ही संसाधनों को जुटाने के लिए राज्य वित्त और 15वां वित्त आयोग की मद में बड़ी मात्रा में रुपये शासन की ओर से दिए जाते हैं। नगर पालिका परिषद हरदोई में दोनों आयोग की मद में करीब 15 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं। जिससे काम कराने और संसाधन जुटाने के लिए जिलाधिकारी एमपी सिंह ने कार्ययोजना तलब की।
नगरीय निकाय की ओर से कार्ययोजना को तैयार किया गया है। जिसमें जनसुविधाओं से जुड़े कामों के साथ ही निकाय के लिए जरूरी संसाधनों की खरीदारी को शामिल किया गया है।
इस तरह के काम और खरीदारी प्रस्तावित
कार्ययोजना में पानी निकास के लिए नाला-नाली और सीसी रोड की मरम्मत व निर्माण को शामिल किया गया है। शहर की सीमा पर तीन कूड़ाघर, कलक्ट्रेट में धरना स्थल पर शौचालय बनवाया जाना और कूड़ा उठान के लिए कवर्ड दो ट्रक, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत किए जाने के लिए हाईड्रालिक वाहन, दो पानी के टैंकर, एक मोबाइल टॉयलेट की खरीदारी शामिल है।
कोट
अधिशासी अधिकारी को सौंपी गई जिम्मेदारी
नगर पालिका परिषद हरदोई की ओर से करीब 15 करोड़ रुपये की कार्ययोजना दी गई है। जिसमें जिलाधिकारी ने आमजन की सुविधा और सहूलियत से जुड़े कामों को भी शामिल किए जाने के निर्देश दिए हैं। सभी कामों को शामिल कराते हुए कार्ययोजना को जल्द ही प्रस्तुत किए जाने की जिम्मेदारी अधिशासी अधिकारी को सौंपी गई है।-प्रियंका सिंह, अपर जिलाधिकारी