कोतवाली क्षेत्र में हॉटस्पॉट घोषित ग्राम मटियामऊ में शुक्रवार रात दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। एएसपी पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने दोनों पक्ष के 18 लोगों के विरुद्ध बलवा, सरकारी कार्य में बाधा डालने, लॉक
डाउन का उल्लंघन करने की रिपोर्ट दर्ज की है। चार आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
11 मई को मटियामऊ के मजरा बल्लीपुर में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद से इलाका हॉटस्पॉट घोषित है। शुक्रवार शाम को गांव के दो पक्षों में पुराने मुकदमे की रंजिश में मारपीट होने लगी।
गांव में ही ड्यूटी पर तैनात एसआई ज्ञान सिंह, सिपाही सुरेश कुमार, वीर सिंह, अशोक कुमार, जयचंद्र आदि मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया।
हालात बिगड़ने की सूचना कोतवाली में दी गई तो और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इस पर कई आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने एसआई ज्ञान सिंह की तहरीर पर एक पक्ष के हारुन, शकील, एहतेशाम उर्फ शंभू, वकील, जुबैद पुत्रगण अब्दुल हफीज उर्फ नत्थू,
जुनैद पुत्र एहतेशाम, उजैर पुत्र जुबैर, मसीउल उर्फ भग्गू पुत्र सत्तार, शादाब और छोटू पुत्रगण इलियास, तालिब और अनीस पुत्रगण नसरत के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। दूसरे पक्ष से मैनुस पुत्र इस्माइल,
मोहम्मद आलम उर्फ बौना और चांद आलम पुत्रगण मैनुस, खुशनूर पुत्र इलियास और शानू पुत्र यूनुस को नामजद किया है। इसके अलावा 20-25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाल कमलेश कुमार ने बताया कि हारुन, शकील पुत्रगण अब्दुल हफीज उर्फ नत्थू, जुनैद पुत्र एहतेशाम, मैनुस पुत्र इस्माइल को गिरफ्तार कर लिया है। चारों को जेल भेजा जा रहा है।