मल्लावां। चोरों ने बुधवार की रात अलग-अलग गांवों में स्वास्थ्य कर्मी, पिपरमिंट कारोबारी समेत एक महिला के घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। दो अन्य गांवों में घुसे चोरों को ग्रामीणों ने खदेड़ लिया। पुलिस ने मौके पर जांच की। कोतवाल सुनील सिंह ने जल्द घटनाओं का खुलासा किए जाने की बात कही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पुरवावां निवासी रामकांत वर्मा माधौगंज क्षेत्र के गांव समुखा स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मी है। देर रात रामकांत परिजनों के साथ घर में सोए थे। घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया। बक्से में रखे 15 हजार रुपये
, एक जोड़ी झाला, एक जोड़ी बाला, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी पायल, दो छोटे बक्से, बेटे अनुराग की लाइसेंसी बंदूक व कारतूस चोरी कर ले गए। सुबह परिजनों को घटना का पता चला। परिजनों ने आसपास तलाश किया। इस दौरान गांव के बाहर खेत में बंदूक व खाली बक्से पड़े मिले।
वहीं दूसरी घटना मांझगांव के मजरा लल्लाखेड़ा में हुई। लल्लाखेड़ा निवासी पिपरमिंट कारोबारी सिरदार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि देर रात छत के रास्ते घर में घुसे चोर बक्से में रखी दो लाख रुपये, एक जोड़ी झुमकी, एक चेन, दो जोड़ी बाले, 18 जोड़ी चांदी की पायल समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। सिरदार ने बताया कि बताया कि दुकान के निर्माण के लिए बुधवार को ही वह बैंक से रुपये निकाल कर घर लाए थे।
वहीं तीसरी घटना ग्राम खेरवा में हुई। खेरवा गांव निवासी मीरा देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि देर रात घर में घुसे चोर बक्से में रखे चार हजार रुपये चुरा ले गए। इससे इतर चोरों ने बुधवार की रात भजेहटा व तरहटिया गांव में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों द्वारा शोर मचाए जाने पर चोर भाग गए। इधर घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि तीनों घटनाएं संज्ञान में हैं। तहरीर मिली है, रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।