चोरी के बाद घर में बिखरा सामान
- फोटो : अमर उजाला
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव बढै़यन पुरवा में गुरुवार की रात चोर एक घर घर से नगदी व जेवर समेत करीब दो लाख का माल उठा ले गए। सुबह घर में बिखरा सामान देख परिजनों के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर जांच की। कोतवाल परशुराम कुशवाह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।
तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के गांव भम्मपुरवा निवासी बलराम पांडेय पुत्र शिव सागर पांडेय करीब एक साल से देहात कोतवाली क्षेत्र के बढै़यन पुरवा में शिव किशोर दीक्षित के मकान में परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। उनकी पुत्री सोनल की शुक्रवार को लखीमपुर खीरी से बारात आनी है।
घर पर शादी की तैयारी के चलते विवाह में देने के लिए कपड़े, जेवर समेत अन्य कीमती सामान रखा था। गुरुवार की रात बत्ती गुल होने पर घर के सभी सदस्य व रिश्तेदार छत पर सोने चले गए। इसी बीच रात में किसी समय चोर घर के अंदर दाखिल हुए।
कमरे का ताला तोड़ कर दुल्हन के लगभग 20 हजार रुपये कीमत के कपड़े, 30 हजार कीमत के जेवर व 18 हजार रुपये नगद के अलावा पचास हजार कीमत के बर्तन उठा ले गए। इसके अलावा उनके छोटे भाई के कपड़े व जेवर उठा ले गए। सुबह जागने पर चोरी की जानकारी होते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
गृह स्वामी ने बताया कि चोर नगदी, जेवर व वर्तन समेत करीब दो लाख का माल ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की। वहीं घटना के बाद शादी में गृह स्वामी के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने बताया कि मामले की जांच के निर्देश दिए गए है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।