सांडी। कस्बे के मोहल्ला औलादगंज में मकान बंद को बुधवार की रात चोरों ने निशाना बनाया। मकान का ताला तोड़कर चोर एक लाख की नकदी और जेवर चुरा ले गए। पड़ोसियों की सूचना पर गृहस्वामी बदहवास हो गए।
पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। घटना से बाशिंदों में आक्रोश है। कस्बे के मोहल्ला औलादगंज निवासी सतीश जोशी ने बताया कि वह फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर कल्पवास कर रहे हैं।
उनकी पत्नी पूनम मकान में ताला लगाकर गंगा स्नान करने गई थी। बुधवार की रात बंद मकान में चोरों ने धावा बोल दिया। मेन गेट का ताला तोड़कर चोर अंदर पहुंचे।
कमरों के ताले तोड़कर चोरों ने बक्से से एक लाख रुपये, एक जोड़ी झुमकी, एक कमर बिछुआ, एक जोड़ी पायल ,एक अंगुठी, एक नथुनी, एक झाला, एक जोड़ी टप, एक माला पेंडल चुरा ले गए।
बृहस्पतिवार को सुबह पड़ोसी मनोरमा ने मेन गेट खुला देखा तो उसने सूचना दी। सूचना मिलने के बाद दोपहर में मौके पर आए गृहस्वामी ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर कस्बा प्रभारी मुकुल दुबे ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एसओ बालकृष्ण मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।