हरदोई। सदर बाजार में शुक्रवार रात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। दुकान का ताला तोड़कर चोर छह हजार रुपये समेत 22 हजार का सामान चुरा ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सदर बाजार निवासी हर्षित गुप्ता पुत्र राधेश्याम की सब्जी मंडी के पास परचून की दुकान है। शुक्रवार देर शाम वह दुकान बंद कर घर गया था। देर रात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। ताला तोड़कर चोरों ने दुकान में रखी गोलक से 6 हजार रुपये और करीब 16 हजार रुपये का सामान पार कर दिया।
शनिवार सुबह दुकान खोलने पहुंचा हर्षित दुकान का ताला टूटा देखकर सन्न रह गया। उसके होश उड़ गए। उसने शटर खोलकर देखा तो सामान गायब था। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। शहर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से दुकानदारों में पुलिस के प्रति आक्रोश है। दुकानदारों ने पुलिस पर रात्रि गश्त में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।