संडीला में मेडिकल स्टोर के मालिक से जानकारी लेते कोतवाल जगदीश यादव व अन्य पुलिसकर्मी। अमर उजाला
- फोटो : HARDOI
संडीला। कोतवाली क्षेत्र के पास बस अड्डा चौकी अंतर्गत रविवार रात चोरों ने एक मेडिकल स्टोर को निशाना बनाया। वहां से नगदी, लैपटॉप सहित अन्य सामान पार कर दिया। दूसरे मेडिकल स्टोर में भी चोरी का प्रयास किया।
कस्बा निवासी गजाली पुत्र मेराजुल हक की नगर में भगवान बुद्ध इंटर कॉलेज के सामने बन्ने मियां का दवाखाना नाम से दुकान है। रविवार देर रात चोरों ने दवाखाने की छत पर लगा लोहे का दरवाजा काट दिया। चोर गोलक में रखी नगदी समेत अन्य सामान चुरा ले गए। इसके बाद चोरों ने पड़ोस में स्थित पापुलर मेडिकल स्टोर की छत पर लगा लकड़ी का दरवाजा तोड़ दिया। चोर छत पर लगा लोहे का दरवाजा नहीं तोड़ सके। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे गजाली ने सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए।
गजाली ने बताया कि चोर गोलक में रखे 10 हजार रुपये, दो लैपटॉप व सीसीटीवी की डीबीआर उठा ले गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। जबकि पापुलर मेडिकल स्टोर के मालिक फैसल ने दुकान में कोई नुकसान न होने की बात कही। कोतवाल जगदीश यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिलने के रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।