हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र की सर्राफा की दो दुकानों में हुई चोरी का खुलासा शहर कोतवाली पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से बड़े पैमाने पर चोरी के जेवर बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए एक शख्स के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में 11 मामले दर्ज हैं। घटना का खुलासा करने में सीसीटीवी बेहद कारगर साबित हुए।
शहर के सरॉय थोक निवासी सुमित गुप्ता और हर्ष पांडेय की ज्वेलरी शॉप शहर में ही बिलग्राम चुंगी से पहले मुन्ने मियां चौराहे के आगे हैं। बीते सात सितंबर की रात चोरों ने दोनों दुकानों को निशाना बनाया था। चोर यहां से जेवर और नकदी चोरी कर ले गए थे। एसपी अशोक कुमार मीणा ने सीओ सिटी अजीत चौहान को घटना का खुलासा करने में लगाया था। सीओ के निर्देशन में पुलिस टीम काम कर रही थी। घटना की रात का एक वीडियो फुटेज पुलिस को मिल गया था। इसके बाद पुलिस ने हरदोई से लेकर लखनऊ तक के अलग-अलग सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इनसे मिले सुरागों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुधवार को लखनऊ जनपद के बाजार खाला क्षेत्र के एशबाग निवासी दीपांशु उर्फ प्रियांशु, इजहार हुसैन उर्फ अरबाज हुसैन को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ सिटी का दावा है कि आरोपियों के पास से चांदी की छह चेन, बच्चों के 12 कंगन, 140 जोड़ी बिछुआ, एक जोड़ी पायल, घटना में इस्तेमाल बाइक और शटर तोड़ने में इस्तेमाल किए गए लोहे के रॉड को भी बरामद किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से इन्हें जेल भेज दिया गया।
इस टीम ने किया घटना का खुलसा
खुलासा करने वाली टीम में कोतवाल संजय त्यागी, उपनिरीक्षक रोहित पांडेय, वासु कुमार, ज्ञानेंद्र सिंह के साथ दीवान गौरव सिंह, रामआसरे, नितिन तोमन, सम्राट रघुवंशी, गुंजन गिल, सर्विलांस सेल के ओमवीर, प्रदीप कुमार, उपेंद्र और विकास शामिल रहे।
मुन्नेमियां चौराहे से रफी अहमद चौराहा होते हुए लखनऊ भाग गए थे आरोपी
पुलिस महकमे से जुड़े सूत्र बताते हैं कि घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में आरोपी नजर आए थे। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मुन्नेमियां चौराहा पहुंचे। यहां से रफी अहमद चौराहा होते हुए आरटीओ चौराहे गए। इसी रास्ते से लखनऊ चुंगी जाकर यह लोग लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में पहुंच गए थे। अलग-अलग स्थानों पर लगे कैमरों में फुटेज नजर आई थी।
कि