हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दोस्त के साथ स्कूटी से घर लौट रहे एक युवक पर घात लगाकर हमला कर दिया गया। दबंगों ने युवक को दौड़ाकर पकड़ा और चाकुओं से हमला कर घायल कर दिया। युवक काे झाड़ियों में फेंक कर हमलावर भाग गए। गंभीर अवस्था में युवक को मेडिकल कॉलेज लेकर आया गया जहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के तुंदवल के मजरा बदरुद्दीनपुर गांव निवासी विनोद कुमार सिंह शुक्रवार की सुबह तुंदवल निवासी अपने दोस्त मित्रसेन के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय शिकायत करने आया था। दोस्त मित्रसेन ने बताया कि दोपहर में दोनों स्कूटी से वापस लौट रहे थे। विनोद की पत्नी रोहिणी सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घर वापस आते समय जब उसका पति अपने दोस्त के साथ मझिला पुल पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद सांडी थाने के बघराई निवासी कुछ लोगों ने स्कूटी रोकने को कहा,लेकिन विनोद ने स्कूटी नहीं रोकी। बाइक से सवार होकर आए लोगों ने कहटरा और भीठा के बीच स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे दोनों गिर पड़े, उसी बीच पीछे से पहुंचे आरोपियो़ं ने विनोद कुमार सिंह को चाकुओं से हमला कर लहूलुहान कर दिया और खींच कर झाड़ियों में फेंक कर भाग गए। एंबुलेंस की मदद से उन्हें मेडिकल कालेज पहुंचाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने रोहिणी सिंह की तहरीर पर जांच शुरु कर दी है।