बघौली थाना क्षेत्र में बाइक से घर जाते समय रास्ते में तीन बदमाशों ने युवक को बंधक बनाकर नकदी व बाइक लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम विक्टोरिया गंज चौसा निवासी गंगा प्रसाद गुप्ता पुत्र बंसत लाल गुप्ता शुक्रवार को देर शाम बघौली बाजार से बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में बघौली-प्रताप नगर मार्ग पर ग्राम देवगनपुर के पास पीछे से एक बाइक पर आ रहे तीन युवकों ने गंगा प्रसाद की बाइक को ओवरटेक किया और उसको टक्कर मार कर गिरा दिया। इससे वह सड़क किनारे खाई में जा गिरा।
इससे पहले वह कुछ समझ पाता तीनों युवकों ने उसे दबोच लिया और असलहों की बट से उस पर प्रहार कर हाथ पांव बांध दिए। बदमाशों ने उनके पास से 2500 रुपये, एक मोबाइल फोन और बाइक छीन ली और मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद गंगा प्रसाद चिल्लाएं तो राहगीरों ने उसको बंधन से मुक्त किया। उसके घटना की सूचना पुलिस को दी। एक घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
राहगीरों ने उसके पुत्र को सूचना दी। जिस पर उसका पुत्र घटना स्थल पर पहुंचा। पुत्र ने पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर सूचना दी। तब थाना पुलिस हरकत में आई। जानकारी मिलते ही सीओ बघौली तारकेश्वर पांडेय और अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ तारकेश्वर पांडे ने बताया कि जल्द बदमाश गिरफ्तार किए जाएंगे।