बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर सड़क किनारे लघुशंका कर रहे मामा-भांजा को तेज रफ्तार एंबुलेंस ने कुचल दिया। हादसे में मामा की मौत हो गई वहीं भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
सांडी थाना क्षेत्र के मदरापुर निवासी अमलेश (35) पुत्र रामस्वरूप अपने भाई संतराम और रिश्तेदारोें के साथ सुरसा थाना क्षेत्र के कुकंमबर निवासी भन्नू के घर वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। वह लोग समारोह से वापस घर आ रहे थे। उनका भाई संतराम गाड़ी चला रहा था। गांव के अन्य लोग भी दो अन्य मोटर साइकिल पर थे। रास्ते में बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर सेमरा के निकट अमलेश और दूसरी बाइक पर सवार उसका भांजा अतुल (18) पुत्र लक्ष्मन निवासी हेंमत खेड़ा थाना गुरसहायगंज कन्नौज बाइक से उतर कर सड़क किनारे लघुशंका करने लगे। तभी बिलग्राम की ओर से आ रही एंबुलेंस ने दोनों को रौंद दिया।
अमलेश की मौके पर ही मौत हो गई। वही अतुल गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से चीख पुकार मच गई। अतुल का इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि अमलेश चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी हो चुकी थी। उसके डेढ़ साल की एक पुत्री है। घटना से परिवार में मातम छाया हुआ है।