हरदोई। बिलग्राम मार्ग के चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू हुई है। मार्ग के चौड़ीकरण से पहले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण पूरा सर्वे कराएगा। सर्वे में तय होगा कि मार्ग के चौड़ीकरण के साथ-साथ और क्या-क्या काम कराए जाने की आवश्यकता है। इसी अनुसार काम कराए जाने के लिए कार्य योजना तैयार की जाएगी।
हरदोई-बिलग्राम मार्ग को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने अपने अधीन ले लिया है। एनएचएआई ने मार्ग पर गड्ढों आदि को ही अभी तक दुरुस्त कराने का काम किया है। अब मार्ग के चौड़ीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। इससे बिलरायां-पनवारी (बिलग्राम मार्ग) मार्ग के चौड़ीकरण की उम्मीद जाग गई है। एनएचएआई ने मार्ग के चौड़ीकरण से पहले सर्वे कराने का निर्णय लिया है। एनएचएआई कानपुर कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि मार्ग के चौड़ीकरण से पहले मार्ग प यातायात का दबाव, भूमि की उपलब्धता, पुल-पुलिया और अंडरपास व कट के साथ ही अन्य कामों आकलन कराया जाएगा। इसके लिए एनएचएआई के लखनऊ कार्यालय के माध्यम से संस्था चयनित कर सर्वे कराया जाएगा।
-
जल्द होगा सर्वे
बिलग्राम रोड के चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। जल्द की मार्ग का सर्वे शुरू होगा। इसमें नामित संस्था के माध्यम से पूरा विवरण जुटाया जाएगा। इससे मार्ग पर कराए जाने वाले कामों की आकलन हो सकेगा। इसी अनुसार डीपीआर तैयार होगा ताकि मार्ग पर सभी जरूरी काम कराए जा सकें और मार्ग की उपयोगिता साबित हो सके।
आरके शुक्ला, सहायक अभियंता एनएचएआई