बेनीगंज। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लालपुर में पारिवारिक कलह के चलते एक युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना से पहले युवक ने शादी समारोह से लौटी पत्नी के साथ झगड़ा कर उसे मायके भेज दिया और फिर छत के कुंडे से फंदा लगा लिया। परिजन ने शव को लटका देख पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
लालपुर निवासी रामसनेही (36) हरियाणा में रहकर मजदूरी करते थे और पिछले माह ही घर आए थे। बुधवार को उनकी पत्नी संगीता क्षेत्र के ही ग्राम फत्तेपुर में एक रिश्तेदारी में भांजी की शादी में शामिल होने गई थीं। भतीजी सोनी ने बताया कि बृहस्पतिवार को चाची संगीता जब घर लौटीं तो उनकी बेटी सलोनी की एक पायल और एक वर्षीय मासूम बेटे छोटू के हाथ का चांदी का कंगन गायब था। इस बात पर चाचा-चाची के बीच लड़ाई शुरू हो गई। रामसनेही ने उनकी पिटाई कर घर से निकाल दिया।
संगीता टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम खांडाखेड़ा स्थित अपने मायके चली गईं। उनके जाने के बाद रामसनेही ने शराब पी और कमरे में चले गए। रात करीब नौ बजे जब वह चाचा रामसनेही के लिए खाना लेकर उसके घर गई और आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो कमरे में झांककर देखा। कमरे में रामसनेही छत में लगे लोहे के छल्ले से रस्सी के फंदे के सहारे लटके दिखे। मृतक के चाचा सालिकराम की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल सतीश चंद्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पत्नी की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है।