सांडी। सांडी थानाक्षेत्र के नाऊपुरवा मजरा धोंधी में विवाहिता का शव फंदे पर लटकता मिला। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मोबाइल पर बात करने पर पति ने डांटा था, जिसके बाद महिला ने फंदा लगा लिया। हालांकि मृतका के पिता ने दहेज के लिए पीटकर हत्या करने और फिर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।
नाऊपुरवा निवासी अवनीश खेती करता है। तीन साल पहले उसकी शादी सुरसा थानाक्षेत्र के खजुरहरा निवासी राजू की पुत्री मानसी (25) के साथ हुई थी। अवनीश के मुताबिक, मानसी शुक्रवार रात में लगभग एक बजे मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इस पर उसने एतराज जताते हुए मानसी को डांट दिया। शनिवार सुबह मानसी घर से कुछ ही दूरी पर स्थित बंगला (मवेशी बांधने का स्थान) पर मवेशियों को चारा देने चली गई।
काफी देर तक वापस नहीं आई तो उसे देखने गया। वहां उसका शव डोरी के फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी पर मृतका का पिता राजू भी मौके पर पहुंच गए। पिता का आरोप है कि अवनीश दहेज में बाइक और भैंस की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर पिटाई कर मानसी की हत्या कर दी और शव को फंदे पर लटका दिया।
नायब तहसीलदार ज्योति वर्मा की मौजूदगी में पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक सुनीलदत्त कौल ने बताया कि प्राथमिक जांच में खुदकुशी का मामला सामने आ रहा है। पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर मिलती है तो उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।