हरदोई। नौकरी की तलाश में निकली युवती की हत्या कर शव फेंके जाने की घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया है।
युवती की हत्या दुष्कर्म के बाद गला दबाकर की गई थी। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार आधी रात के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पुल के पास तपनौर रोड पर पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। आरोपी ने पुलिस पर फायर किया तो जवाबी फायरिंग में दोनों पैरों में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। घटना में एक सिपाही भी मामूली रूप से घायल हुआ है। घटना का खुलासा करने में सीसीटीवी फुटेज खासे कारगर रहे।
माधौगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती सोमवार दोपहर नौकरी की तलाश में गांव निवासी फुरकान के साथ संडीला स्थित एक फैक्टरी में गई थी। फैक्टरी में बातचीत के बाद वह फुरकान के साथ ही वापस गौसगंज आई थी। यहां टेंपो से उतरने के बाद दोनों गांव जा रहे थे। सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि इसी दौरान गौसगंज गुलाबनगर मार्ग पर फुरकान सड़क किनारे झाड़ी में युवती को ले गया। वहां युवती के साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान कुछ लोगों के आने की आहट पर उसने युवती के शॉल से ही उसका गला कस दिया। इसके बाद उसका शव उठाकर गुलाबनगर पंचायत भवन के पास कूड़ा घर के किनारे फेंक दिया। मंगलवार सुबह शव मिलने पर सनसनी फैल गई थी। एसपी अशोक कुमार मीणा ने दो टीमें घटना का खुलासा करने के लिए बनाई थीं। सीओ रवि प्रकाश सिंह के नेतृत्व वाली टीम सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही थी जबकि दूसरी टीम सर्विलांस का काम संभाल रही थी। पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने फुरकान की गिरफ्तारी की तैयारी की।
इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी के दौरान मुठभेड़ में दोनों पैरों में गोली लगने से फुरकान घायल हो गया। सिपाही ज्ञान प्रकाश भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी को लखनऊ रेफर कर दिया गया। मौके से आरोपी के पास से एक तमंचा तीन खोखा और मृतका का मोबाइल भी बरामद हुआ है।
जिस पर परिजन लगा रहे थे आरोप, वह निकला बेकसूर
घटना के बाद परिजन गांव के ही इकबाल पर गंभीर आरोप लगा रहे थे। दरअसल इकबाल संडीला के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। इसी फैक्टरी में आरोपी फुरकान का भी आना-जाना था। फुरकान इसी फैक्टरी में नौकरी दिलाने के लिए युवती को ले गया था। पुलिस ने इकबाल से पूछताछ की तो उसने खुद को निर्दाेष बताया। पुलिस ने फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे तो पता चला कि इकबाल फैक्टरी में ही था। इन्हीं फुटेज में फुरकान युवती को अंदर ले जाते और फिर उसके साथ ही बाहर आते दिखा। इसके बाद गौसगंज तक अलग-अलग कैमरों में फुरकान युवती के साथ नजर आया। सीओ रवि प्रकाश सिंह का दावा है कि आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
बिस्तर साथ ले जाने की जिद कर रहा था फुरकान, परिजनों ने किया था इन्कार
पुलिस से जुड़े विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि फुरकान ने युवती को नौकरी पक्की होने की बात कही थी। साथ ही युवती के परिजनों से कहा था कि इनको बिस्तर देकर भेजो। वहां रुकने की व्यवस्था हो जाएगी लेकिन बिस्तर नहीं मिल पाएगा। इस पर युवती के परिजनों ने कहा था कि पहले जाकर एक बार देख आओ। सही लगे तो फिर आकर बिस्तर ले जाना। इसके अलावा युवती, उसके परिजनों और फुरकान के बीच पहले से ही जान पहचान थी और बातचीत भी होती थी।
यह टीम रही खुलासा करने में शामिल
थानाध्यक्ष विजय कुमार, कुरसठ चौकी प्रभारी विनोद शर्मा, दीवान इमरान और अरुण कुमार, सिपाही ज्ञान प्रकाश, विजय, विजय यादव और हेमंत।