एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को ईंट भट्ठे के पास दफना दिया। मायकेवालों के आने पर राज खुला तो पुलिस ने शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यह सनसनीखेज वारदात शहर कोतवाली क्षेत्र के कन्हईपुरवा की है। मामले में महिला के पति और उसकी पहली पत्नी से हुए बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। आरोपी फरार हैं। उनके घर पर ताला पड़ा है।
कन्हईपुरवा निवासी इरफान राज मिस्त्री का कार्य करता है। उसकी पहली पत्नी की तीन साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। उससे उसके दो पुत्र मुनान (18) और इमरान (16) हैं। इरफान ने दो साल पहले कोतवाली मल्लावां के ग्राम मुजिद्दीनपुर निवासी रशीद की पुत्री रेशमा (28) से निकाह कर लिया था। मंगलवार को उसने ससुराल में फोन कर कहा कि रेशमा को ले जाएं। बुधवार को मायके पक्ष के लोग उसके घर आए तो ताला लगा था। मायके पक्ष ने शहर कोतवाली में सूचना देकर पुत्री की तलाश की। गुरुवार दोपहर पता चला कि कन्हईपुरवा मोहल्ले के बाहर भट्ठे के पास रेशमा का शव दफनाया गया है। परिजनों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शव निकलवाया तो महिला के शरीर पर धारदार हथियार के निशान थे और उसका हाथ टूटा था।
शव मिलने की जानकारी होते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मामा मो. अबरार ने बताया कि इरफान शराबी है। अक्सर शराब पीकर उसकी भांजी को पीटता था और घर से रुपयेे लाने का दबाव बनाता था। रेशमा के भाई साहबे आलम ने इरफान और उसके बड़े बेटे के खिलाफ हत्या कर शव छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल नागेश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीओ सिटी राम लाल राय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कोतवाली पुलिस को निर्देश दिए हैं कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।