हरपालपुर (हरदोई)। कटरा-बिल्हौर हाईवे पर स्थित बरौलिया गांव के निकट गर्रा नदी के पुल की मरम्मत के दौरान वाहनों को रोकने के लिए बनाई गई अस्थाई दीवार लोगों ने शुक्रवार की रात गिरा दी। इस दीवार का मलबा भी नदी में फेंक दिया।
हाईवे स्थित गर्रा नदी का पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने दो माह के लिए पुल पर वाहनों का आवागमन रोकने के लिए अस्थाई दीवार बना दी थी। इसके चलते इस रूट का ट्रैफिक सांडी-हरदोई रूट पर डायवर्ट कर दिया गया था, लेकिन इस रूट पर वाहनों की संख्या बढ़ने से आए दिन जाम लगने लगा। जिससे वाहन चालक भी परेशान हो गए।
शुक्रवार की रात कुछ लोगों ने गर्रा पुल पर बनी अस्थाई दीवार को गिरा दिया और उसका मलबा नदी में फेंक दिया। सुबह जब पुल पर वाहनोें का आवागमन कर्मचारियोें ने देखा तो जानकारी अधिकारियों को दी।
बताते हैं कि पुल की मरम्मत में क्षतिग्रस्त हिस्से का लिंटर पड़ गया था, लेकिन इस रूट पर आवागमन रोकने की अनुमति 20 मार्च तक की थी। इस संबंध में एसडीएम पीपी तिवारी ने बताया कि मामले की शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।