सोमवार को हरियावां विकास खंड के अलग-अलग गांवों के ग्रामीण छुट्टा मवेशियों को हांककर जतुली गोशाला पहुंच गए। यहां सभी मवेशियों को गोशाला के अंदर बंद करा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि गोशाला के कर्मचारी शाम को यहां के मवेशियों को छोड़ देते हैं। वहीं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि जतुली गोशाला का संचालन अभी शुरु नहीं हुआ है।
हरियावां विकास खंड के अंतर्गत हरदोई-पिहानी मार्ग पर ग्राम जतुली में गोशाला मुख्य मार्ग के किनारे बनी है। सोमवार को सुमई, बोझवा, कुरसेली, कोडऱा आदि के ग्रामीण छुट्टा मवेशियों को हांककर गोशाला में बंद करा दिया। इसकी सूचना मिलने पर कुरसेली के प्रधान के प्रतिनिधि रामसेवक और किसान नेता राहुल मिश्रा भी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीण अरविंद, मनोहर, अनुज गुप्ता आदि ने छुट्टा मवेशियों को गोशाला के अंदर कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि वह लोग छुट्टा मवेशियों को गोशाला में छोड़कर जाते हैं, लेकिन यहां तैनात कर्मचारी शाम को मवेशी गोशाला के बाहर कर देते हैं।
किसान नेता राहुल मिश्रा ने कहा कि अब अगर गोशाला से छुट्टा मवेशियों को बाहर किया गया तो वह आंदोलन करेंगे। इस बारे में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएन पांडेय ने बताया कि अभी जतुली गोशाला का संचालन नहीं हो रहा है। वहां खाई खोदने का कार्य किया जा रहा है।
सोमवार को कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दौलतपुर गंगादास के निकट लखनऊ-दिल्ली रेलवे टै्रक पर मालगाड़ी से कटकर दो गायों की मौत हो गई, जबकि एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना पर शाहाबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धारा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवकुमार की मौजूदगी में मृत गायों को जमीन में दफना दिया गया, जबकि घायल गाय का उपचार पशु चिकित्सालय में किया जा रहा है।