हरदोई। काम और भुगतान मे गड़बड़ी पर डीएम अनुनय झा ने संडीला की ग्राम पंचायत मीतों के प्रधान समेत पांच को नोटिस दिया। सभी से 15 दिन के अंदर साक्ष्य सहित जवाब मांगा है।
डीएम ने जांच समिति की रिपोर्ट पर कार्रवाई शुरू की। बताया कि जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि राज्य वित्त आयोग और केंद्रीय वित्त आयोग की मद में साल 2023-24 में 12 लाख, 27 हजार, 756 रुपये का भुगतान किया गया। इसमें चार लाख, 38 हजार, 611 रुपये का प्रधान उमेश कुमार सूर्या ने अपने खाता में भुगतान लिया है। ऐसे ही प्रशासनिक मद में कंप्यूटर आदि के नाम पर 70 हजार, 903 रुपये का भी प्रधान ने अपने खाते में भुगतान लिया है।
बताया कि प्रधान उमेश कुमार सूर्या, ग्राम पंचायत अधिकारी नरेश कुमार, वर्तमान में भरावन में तैनात तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी रवींद्र कुमार, हरपालपुर में तैनात तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी सर्वेश कुमार अग्निहोत्री और लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता मंसूर असलम को नोटिस दिया गया है। सभी से 15 दिन के अंदर जवाब मांगा गया है।
प्रधान को चेतावनी दी गई कि साक्ष्य सहित और संतोषजनक जवाब न होने पर पंचायतीराज अधिनियम में वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगा दी जाएगी। बताया कि मल्हेरा भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज कुमार अवस्थी के शिकायती पर जांच कराई गई। जिला कृषि अधिकारी और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता की तरफ से दी गई जांच रिपोर्ट में कहा गया कि खेल मैदान में इंटरलॉकिंग लगवाए जाने में 22 हजार, 496 रुपये, उसी खेल मैदान में इंटरलॉकिंग और ट्रैक बनवाए जाने में 21 हजार, 502 रुपये, खुशीराम के मकान से रामू के मकान तक इंटरलॉकिंग में 34 हजार, 451 रुपये और सुधीर के मकान से राहुल के मकान तक इंटरलॉकिंग में 17 हजार, 784 रुपये की वसूली संस्तुति जांच समिति ने की है।