फोटो-26- नरेंद्र चौरसिया। स्रोतः परिजन
- भाई को वॉयस मैसेज भेजा-अपनी मर्जी से खुदकुशी कर रहा हूं, परिवार को परेशान न किया जाए
- अतरौली थाना क्षेत्र के शांती खेड़ा की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
भरावन। मैं अपनी मर्जी से खुदकुशी कर रहा हूं। मेरे परिवार को परेशान न किया जाए। मेरे मोबाइल का पासवर्ड है। पूर्व प्रधान के भाई के मोबाइल फोन पर वॉयस मैसेज भेजकर युवक ने मां की साड़ी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
घटना की जानकारी पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खास बात यह है कि युवक की शादी बीती रविवार को ही तय की गई थी। घटना की वजह को लेकर परिजन चुप्पी साधे हैं।
अतरौली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत महगवां के मजरा शांती खेड़ा निवासी नरेंद्र चौरसिया (18) गुजरात में शटरिंग का काम करता था। पिछले दो माह से वह गांव में ही था। सोमवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया था। रात में 09:01 बजे उसने पूर्व प्रधान विनय सिंह के भाई लकी सिंह को वाट्सअप पर एक वॉयस मैसेज भेजा।
लकी सिंह उस समय एक वैवाहिक समारोह में था। रात में 9:40 बजे उसने मैसेज सुना, तो फौरन ही नरेंद्र के परिजनों को जानकारी दी। इस पर नरेंद्र की मां रूपरानी कमरे में गई तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से नरेंद्र का शव फंदे पर लटकता हुआ दिखा।
यह देखकर रूपरानी ने शोर मचाया, तो परिजन व पड़ोसी आए। कमरे का दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारा। प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि मृतक के भाई वीरेंद्र की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।