लॉकडाउन के दौरान गुरुग्राम से गांव पैदल जाते समय श्रमिक को एक वाहन ने रौंद दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की बात कही है।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के बूटामऊ गांव निवासी सनोज (26) पुत्र सोनपाल गुरुग्राम में सफाई का कार्य करता था।
लॉकडाउन के कारण वह अपने गांव आ रहा था। चार दिन पहले माधौगंज के एक साथी के साथ पैदल ही गांव जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर कुछ दूरी के लिए मिले साधनों से वह गुरुवार रात माधौगंज पहुंच गया था।
शुक्रवार सुबह एक वाहन से वह हरदोई शहर तक आया और फिर यहां से पैदल ही अपने गांव बटामऊ जा रहा था। हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर ग्राम बहोरवापुरवा के पास वाहन ने उसे कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी तो लोनार कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। तलाशी के दौरान शव के पास से मिले मोबाइल फोन से परिजनों को जानकारी दी गई और शव को पोस्टमाटर्रम के लिए भेज दिया गया। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। कोतवाल राजेश कुमार राय ने बताया कि श्रमिक को रौंदने वाले वाहन का कोई पता नहीं चला है। परिजनों की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।