बहू व चौकी पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर
मंगलवार से कलक्ट्रेट में बैठे संडीला के बुजुर्ग दंपति का धरना पांचवें
दिन भी जारी रहा। पीड़ित दंपति ने रविवार से दो दिन भूख हड़ताल और उसके बाद
आत्मदाह की चेतावनी दी।
कचहरी में आमरण अनशन पर बैठे संडीला के सोम
बाजार निवासी शिवकुमार ने बताया कि न्याय की आस में उनका धरना पांचवें दिन
भी जारी रहा। कोई आश्वासन मिलना तो दूर प्रशासनिक व पुलिस अफसर खुद कहने
लगे कि वह उनकी कोई मदद नहीं कर सकते।
बुजुर्ग ने कहा कि शनिवार को उसकी
बहू ने धरना स्थल पर आकर उनकी पत्नी समेत कई लोगों से अभद्रता की तथा जान
से मारने की धमकी तक दी। जब उसने यह शिकायत एएसपी पूर्वी बीसी दुबे से की
तो उन्होंने उनकी कोई मदद न कर पाने की बात कह दी।
बताया कि सरकारी
मशीनरी और दमनकारी इस लोकतंत्र में उन जैसे पीड़ित लोगों का मरना ही बेहतर
है। इसलिए 21 व 22 सितंबर को दो दिन वह भूख हड़ताल करेंगे। यदि फिर भी
न्याय न मिला तो 23 सितंबर को आत्मदाह करने को विवश होंगे। इस दौरान कई बार
पुलिस कर्मियों द्वारा उनका धरना प्रदर्शन समाप्त करने के लिए भी दबाव
डाला गया।