इंजन से जानवर के टुकड़े को अलग करते कर्मी।
- फोटो : amarujala
संडीला। जलपाई गुड़ी से नई दिल्ली जा रही सुपर फास्ट एक्सप्रेस के सामने रविवार को संडीला रेलवे स्टेशन के निकट सुअरों का झुंड इंजन के सामने आ गया। इस दौरान एक सुअर के टुकड़े इंजन में फंस गए। इससे इंजन खराब हो गया। चालक ने ट्रेन रोक कर स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंचे इंजीनियरों ने मरम्मत करने का प्रयास किया। ठीक न होने पर बालामऊ से दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान करीब तीन घंटे ट्रेन आउटर पर खड़ी रही जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
संडीला रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेन न्यू जलपाई गुड़ी का यहां पर स्टापेज नहीं है। सोमवार को 10 बजकर 40 मिनट पर ट्रेन लखनऊ से हरदोई की तरफ जा रही थी। ट्रेेन अभी बेगमगंज आउटर के निकट ही पहुंची थी कि सुअरों को झुंड ट्रैक पर इंजन के सामने आ गया। एक सुअर ट्रेन से टकराकर इंजन में फंस गया। इंजन में सुअर फंसने की जानकारी होते ही चालक ने ट्रेन रोक दी। चालक की सूचना पर स्टेशन मास्टर हैदर अली मौके पर पहुंचे। स्टेशन मास्टर व चालक ने इंजन की जांच की।
स्टेशन मास्टर ने इंजन में आई खराबी की जानकारी बालामऊ जंक्शन में मौजूद इंजीनियरों को दी। जानकारी पर पहुंचे इंजीनियरों ने कर्मचारियों इंजन सुअर को बाहर निकलवाया और मरम्मत करने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद भी वह सही नहीं हो सका। इस पर बालामऊ जंक्शन से दूसरा इंजन मंगाकर जोड़ा गया। इसके बाद ट्रेन को एक बजकर 44 मिनट पर रवाना किया गया। आउटर पर ट्रेन तीन घंटे चार मिनट आउटर पर खड़ी रही।