अतरौली। कस्बे के एक व्यापारी को गुमराह करके एक ठग एयर कंडीशनर ले गया। व्यापारी ने तहरीर दे दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के मदद से ठग की तलाश में जुट गई है।
कस्बा निवासी इलेक्ट्रानिक्स सामान के दुकानदार सरदार परमजीत सिंह के मोबाइल पर एक व्यक्ति ने एयर कंडीशनर का ऑर्डर दिया। कहा कि अवंतीबाई चौराहे पर एयर कंडीशनर भेज दो। ई रिक्शा वाले को ही बिल का नगद भुगतान दे देगा। उसकी बातों पर भरोसा कर उन्होंने ई रिक्शा में एयर कंडीशनर भेज दिया। ई रिक्शा चालक उक्त जगह पहुंचा तो वहां खड़े व्यक्ति ने कहा कि मढ़ौली बंबा पर उतारकर आ जाओ। लौटकर रुपये यहीं पर ले लेना। उसकी बात पर भरोसा कर ई रिक्शा चालक बताई गई जगह पर पहुंचा। वहां पर एक अन्य व्यक्ति खड़ा था। उसने अस्पताल के निकट एयर कंडीशनर उतरवा लिया। ई रिक्शा चालक लौट कर पहले व्यक्ति के पास पहुंचा तो वह गायब था। इस पर वह अस्पताल के पास पहुंचा तो एयर कंडीशनर के साथ दूसरा व्यक्ति भी गायब था।
सीसीटीवी कैमरों से पुलिस को पता चला कि ठग एक टेंपो में एसी को लेकर गए हैं। पुलिस ने टेंपो चालक से पता किया तो उसने क्वार्सी में एसी को उतारने की बात कही। पुलिस मोबाइल नंबर व सीसीटीवी कैमरों की मदद से ठगों की तलाश में जुट गई है।