शहर कोतवाली क्षेत्र में चौकी से चंद कदम की दूरी पर चोरों ने दो दुकानों को अपना निशाना बनाया और लाखों का माल लेकर फरार हो गए। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे रास्ता जाम हो गया। कोतवाल के आश्वासन पर करीब एक घंटे बाद जाम खुल सका। कोतवाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है जल्द चोरी का खुलासा किया जाएगा।
शहर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ चुंगी पर मंडी चौकी संचालित है। चंद कदम की दूरी पर स्टेशन रोड पर महोलिया शिवपार निवासी राजीव जैन की आटो मोबाइल्स की दुकान है। उनके पड़ोस में ही शहर कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुरवा निवासी अमरीश राठौर पुत्र मोती लाल की टायर की दुकान है। बुधवार की शाम को दोनों लोग दुकान बंद कर चले गए। गुरुवार की सुबह आस पास के लोगों ने उनकी दुकान खुली होने की सूचना दी। जिस पर वह लोग दुकान पर पहुंचे। दुकान के शटर के ताले टूटे हुए थे और दुकान के अंदर का सामान गायब था। दुकान में चोरी की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। राजीव जैन ने बताया कि चोर उनकी दुकान से एक लैपटाप और बीस हजार नगद सहित करीब डेढ़ लाख का सामान चुरा ले गए।
वहीं अमरीश राठौर ने बताया कि उनकी दुकान से चोर 70 बड़े टायर, 200 ट्यूब, 30 मोटर साइकिल के टायर उठा ले गए। उन्होंने बताया कि करीब चार लाख रुपये का माल ले गए। दो दुकानों से माल चोरी होता रहा है चंद कदम की दूरी पर चौकी में तैनात पुलिस कर्मियों को भनक नहीं लगी। इससे आक्रोशित होकर वहां के व्यापारियों ने लखनऊ चुंगी से स्टेशन मार्ग पर जाम लगा दिया और पुलिस की कार्यशैली के विरोध में नारेबाजी की। जाम लगा होने की सूचना पर शहर कोतवाल नागेश मिश्र मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
उन्होंने व्यापारियों को चोरी का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया। शहर कोतवाल के आश्वासन पर करीब एक घंटा बाद जाम खुल सका। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शहर कोतवाल नागेश मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी हुई। मामले की जांच कराई जाएगी और जिस भी कर्मी की लापरवाही मिली उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर कोतवाल को शहर में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए है।