छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर से संबद्ध छह कॉलेजों में एलएलबी की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू होंगी। गुरुवार को तीन परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। डा. हरिशंकर मिश्र महाविद्यालय मलिहामऊ के प्राचार्य डा. बीएन शर्मा ने बताया कि जिले में करीब 1500 परीक्षार्थी अलग-अलग सेमेस्टर की परीक्षा दे रहे हैं।
जिले के छह महाविद्यालयों में डा. हरिशंकर मिश्र महाविद्यालय, मान्यवर काशीराम लॉ कॉलेज शाहाबाद और परमेश्वदीन लॉ कालेज के विद्यार्थी सांडी स्थित गुलाबराय विधि महाविद्यालय केंद्र पर परीक्षा देंगे। इधर, गुलाबराय विधि महाविद्यालय के परीक्षार्थी गौसगंज के कहली स्थित सुभाषचंद्र बोस लॉ कॉलेज में परीक्षा देंगे। वहीं सुभाषचंद्र बोस लॉ कालेज व हरिश्चंद्र लॉ कालेज सवायजपुर के परीक्षार्थी अतरौली स्थित परमेश्वरदीन लॉ कालेज में परीक्षा देने जाएंगे। यह पहला मौका है जब परीक्षार्थियों को दूर-दराज परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने जाना होगा। गुरुवार को परीक्षार्थियों ने अपने-अपने कॉलेजों से प्रवेश पत्र लिए। परीक्षाएं नकन विहीन कराने के लिए विश्वविद्यालय से परीक्षा केंद्रों पर एक पर्यवेक्षक भी तैनात होगा। जिसकी देखरेख में परीक्षा होगी।
परीक्षा केंद्रों के बने नोडल केंद्र
गुलाबराय विधि महाविद्यालय का नोडल केंद्र जीडीसी हरदोई होगा। इस केंद्र के इंचार्ज डा. नेत्रपाल ने बताया कि परीक्षा से पूर्व प्रश्न पत्र सेंटर भेजे जाएंगे। वहीं सुभाषचंद्र बोस लॉ कॉलेज और परमेश्वरदीन लॉ कॉलेज का नोडल सेटर जेपी वर्मा साइंस कालेज गौसगंज को बनाया गया है।
80 किलोमीटर का फासला तय करेंगे परीक्षार्थी
सवायजपुर क्षेत्र के परीक्षार्थियों को करीब 80 किलोमीटर का फासला तय अतरौली और मलिहामऊ क्षेत्र के परीक्षार्थ्यों को सांडी स्थित परीक्षा केंद्र पर जाने के लिए करीब 40 किलोमीटर का फासला तय करना होगा। एक प्रवक्ता ने बताया कि नियमानुसार 22 किलोमीटर की रेंज में परीक्षा केंद्र होना चाहिए।