नगर के मुख्य बाजार में स्थित आजाद टेंट हाउस में
शनिवार की रात आग लग गई। आग की लपटों ने अंदर रखा लाखों रुपयों का सामान
जलाकर राख कर दिया। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग
पर काबू पाया। घटना से दो मंजिला मकान की छत में दरार पड़ गई।
मिली
जानकारी के अनुसार, नगर के मुख्य मार्ग पर आजाद बाथम का दो मंजिला मकान है।
मकान के ग्राउंड फ्लोर पर उसका टेंट हाउस भी है। इस टेेंट हाउस से शनिवार
की रात करीब ढाई बजे धुआं उठता देख सड़क पर पहरा दे रहे होमगार्ड पंचम लाल
ने इसकी जानकारी थाना इंचार्ज दीनानाथ मिश्र को दी।
इसके बाद उसने टेंट
हाउस मालिक आजाद के घर के दरवाजे खटखटाते हुए आवाज लगाई। इधर, थाना इंचार्ज
ने फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी और स्वयं दलबल के साथ मौके पर
पहुंचे। इसी बीच आजाद व उनके परिवार के सदस्य पहुंचे गए और आसपास के
हैंडपंपों से पानी लेकर आग को बुझाने की कोशिश करने लगे, पर आग नहीं बुझी।
इसी दौरान करीब तीन बजे दमकल लेकर पहुंचे कर्मियों ने आग को पानी डालकर
बुझाना शुरू किया। इस दौरान कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 5 बजे आग पर
काबू पाया जा सका। इस घटना में आजाद के दो मंजिला मकान की छत चिटक गई। टेंट
मालिक आजाद ने बताया कि शनिवार को दुकान में बेल्डिंग का कार्य कराया था।
संभावना है कि बेल्डिंग से गर्म होकर लोहा लकड़ी के तख्त से चिपक गया, जो
धीरे-धीरे सुलगता रहा और मध्य रात्रि में आग की लपटें उठने लगी। उन्होंने
बताया कि इस घटना में प्लास्टिक की 2 हजार कुर्सी, एक हजार गद्दा, एक हजार
रजाई, बर्तन, भगौना, मेजें, कनातें, शामियाना आदि सामान जलकर राख हो गया।
अनुमान है कि करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उधर, जिस टेंट हाउस मेें
रात में आग लगी उसकी दूसरी मंजिल पर टेंट मालिक आजाद अपने परिवार के साथ
सो रहे थे। यदि होमगार्ड समय पर घटना की सूचना पुलिस और टेंट हाउस
मालिक को न देता तो आग की लपटों से और भी बड़ा हादसा हो सकता था। टेंट
मालिक आजाद ने बताया उन्होंने टेंट हाउस का बीमा नहीं कराया था।