माधौगंज क्षेत्र के मजरा सोनहार के महुवापुरवा में
फाइलेरिया की दवा खाने के बाद युवती की मौत और 48 लोगों के बीमार होने की
खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य महकमा की नींद खुली। शनिवार को अपर
मुख्य चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने गांव में पहुंच कर
मरीजों को दवा बांट इलाज किया।
ज्ञात हो कि महुवापुरवा में सोमवार व
मंगलवार को एएनएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सहयोग से लोगों को
फाइलेरिया की दवा वितरित की। कुछ लोगों ने इस दवा बुधवार को खाया। खाने के
बाद उनका शरीर शिथिल पड़ गया और चक्कर आने लगे। रामकिशन की पुत्री मुन्नी
देवी (18) की मौत हो गई।
इसके अलावा अन्य ग्रामीणों की हालत भी बिगड़ने
लगी। दवा से प्रभु दयाल का बेटा कुलदीप कुमार (17), नंद किशोर की पत्नी
सुमन देवी (22), रामप्रसाद (55) की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल
सीएचसी में भर्ती कराया गया।
इसके अलावा चंद्रसेन की पत्नी शिवकली (40) व
पुत्र परशुराम (13), प्यारेलाल की पुत्री दीप कुमारी (24), रामखेलावन
(50), रामवती (52) और भगाना (65) का उपचार घर पर ही शुरू हुआ था। इस बाबत
सीएमओ डा. वीके गुप्ता का दावा था कि फाइलेरिया की दवा से घटना नहीं हुई।
इसकी जांच की जाएगी। वहीं शनिवार को खबर प्रकाशित होने पर स्वास्थ्य महकमा
की नींद खुली और अपर चिकित्साधिकारी डा. विजय कुमार के नेतृत्व में
स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची और 82 मरीजों को दवाइयां वितरित की। बताया कि
मरीजों की हालत ठीक है।