सपा के राष्ट्रीय महासचिव सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा
कि जिले में बढ़ते कैंसर के मरीजों की संख्या चिंताजनक है। वह एनआरएचएम से
जिला अस्पताल में रेडियोथेरेपी की व्यवस्था करवाएंगे, इसके लिए जो भी जरूरी
मशीनें होंगी, वह भी मुहैया कराई जाएंगी।
उन्होंने सोमवार को अमर उजाला
फाउंडेशन व भक्ति वेदांता के संयुक्त तत्वावधान में बाला जी हास्पिटल में
लगे नि:शुल्क कैंसर शिविर का उद्घाटन किया और इस प्रयास के लिए अमर उजाला
की सराहना की। सांसद ने सीएमओ डा. वीके गुप्ता से वार्ता की और कहा कि जिले
में कैंसर के रोगियों की संख्या बढ़ रही है।
इसके परीक्षण व उपचार को जब
तक इधर उधर भटकते है, तब तक बीमारी लाइलाज हो जाती है। यदि प्रारंभिक स्तर
पर ही कैंसर की पुष्टि मरीज हो जाए, तो रोका भी जा सकता है। उन्होंने डा.
विष्णु अग्रवाल, डा. विष्णु मोहन, डा. अमोल कुमार, डा. सीपी कटियार से
वार्ता की तो बताया कि आज शिविर में आए मरीजों में 50 फीसदी मुंह के कैंसर
के होंगे और उन सबकी वजह चंद मिनटों का शौक तंबाकू व सिगरेट है।
युवा तो
युवा बुजुर्ग तक ने बताया कि वह तंबाकू के शौकीन रहे हैं, जिसके बाद आज
गुटखा तो नहीं ही खा पा रहे हैं, आम जीवन जीने को और सांस लेने तक को तरस
रहे हैं। इसके साथ ही महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण काफी देखने को
मिल रहे हैं।
सांसद ने कहा कि जिले में रेडियोथेरेपी के लिए प्रशिक्षित
स्टाफ की जरूरत होगी। इस बाबत वह शासन से बात कर व्यवस्था कराने की कोशिश
करेंगे। उन्होंने डॉक्टरों से कैंसर के प्रमुख कारण जाने और कहा कि इस पर
युवाओं को सचेत होने की जरूरत है।