आस पास के जिलों में स्वाइन फ्लू के मामले की जानकारी
होते ही स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल सहित स्वास्थ्य
केंद्रों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं लक्षण के
आधार पर रोगियों की जांच के लिए किट मुहैया कराई गई है।
वहीं मरीज मिलने
पर एक अलग वार्ड बनाने की व्यवस्था की गई। जिले में अभी तक किसी भी मरीज
में स्वाइन फ्लू के लक्षण नजर नहीं आए हैं। बताते चले कि प्रदेश में स्वाइन
फ्लू का असर दिखाई देने लगा है। जिले के सीमावर्ती जनपदों में स्वाइन फ्लू
के मरीजों से स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो गया है।
जिले के जिन जनपदों में
मरीज मिले हैं। वहां से प्रतिदिन हजारों लोगों का आना जाना होता है, इसलिए
जिले में इस बीमारी का प्रभाव फैलने की आशंका बढ़ गई। स्वाइन फ्लू के
मरीजोें को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता होती है।
इसके लिए विभाग को
दस विशेष प्रकार की किट उपलब्ध कराई गईं हैं, जिससे रोगी का सैंपल लेकर
उसको जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके साथ ही विभाग को दवाइयां भी उपलब्ध हो
गईं हैं, जिसके लिए जिला अस्पताल में व्यवस्था की गई है।
फिलहाल अभी तक
जिले में किसी भी मरीज में स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं मिले हैं। इससे
स्वास्थ्य महकमा राहत की सांस ले रहा है।