हरदोई। जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल सोमवार को स्टेडियम में खेला गया। स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम और वाईएफए क्लब के बीच खेले गए मैच में स्टेडियम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वाईएफए क्लब को हराकर स्टेडियम की टीम ने ट्राफी पर कब्जा जमाया।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच स्टेडियम और वाईएफए क्लब के बीच खेला गया। खेल से पूर्व दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मुख्य अतिथि एसएचओ कोतवाली देहात वीरेद्र कुमार और जिला क्रीड़ा अधिकारी मंजू शर्मा ने परिचय प्राप्त किया और इसके बाद खेल शुरु किया गया। दोनाें टीमों के बीच काफी रोमांचक मैच हुआ। इसमें स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम के खिलाड़ी वाईएफए क्लब के खिलाड़ियों पर भारी पड़े। स्टेडियम के खिलाड़ियों ने 3-0 से मैच जीतकर वाईएफए क्लब को धूल चटाई। टीम की तरफ से अभय, कृष्णनैन मिश्रा और तोमर ने एक-एक गोल किया। मैच के बेस्ट खिलाड़ी कृष्णनैन मिश्रा बने और बेस्ट गोलकीपर हर्षित चुने गए। निर्णायक की भूमिका में मेहताब अहमद, हर्षित, अंशू, कृष्णा रहे। संचालन पंकज कुमार ने किया।