हरदोई। गंगा दशहरा के मौके पर स्नान में शामिल होने के लिए काफी संख्या में लोग हरिद्वार जाएंगे। पर्व को लेकर भीड़ बढ़ने के चलते यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए रेलवे ने हरिद्वार से लखनऊ के बीच सामान्य कोच से लैस विशेष ट्रेन संचालित की है। ट्रेन का संचालन दो दिनों के लिए किया गया है। विशेष ट्रेन का ठहराव हरदोई के अलावा बालामऊ जंक्शन पर भी दिया गया है।
गंगा दशहरा 25 मई को मनाया जाएगा। गंगा स्नान करने के लिए जिले से हरिद्वार बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने दो फेरों के लिए अनारक्षित कोच वाली समर स्पेशल ट्रेन चलाने के निर्देश दिए हैं ताकि यात्रियों को गंगा दशहरा के मौके पर पहुंचने में सहूलियत रहे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि हरिद्वार से 25 व 26 मई को लखनऊ के लिए 04302 अनारक्षित समर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन हरिद्वार से शाम 18:35 पर चलकर लक्सर, नजीबाबाद, धामपुर, मुरादाबाद, बरेली होते हुए लखनऊ जाएगी।
हरदोई स्टेशन पर उसी रात 01:52 पर पहुंचेगी और बालामऊ में रात 02:18 बजे पहुंचकर 03:30 बजे लखनऊ जाएगी। अप में 04301 लखनऊ-हरिद्वार समर स्पेशल ट्रेन 26 व 27 मई को संचालित होगी। यह ट्रेन लखनऊ से सुबह 05:30 पर चलकर बालामऊ सुबह 06:35 बजे पहुंचेगी और हरदोई में सुबह 07:02 पर आकर उन्हीं स्टेशनों से होते हुए हरिद्वार शाम 16:15 बजे पहुंचेगी।