हरदोई। रक्षाबंधन पर यात्रियों की संभावित भीड़ के मद्देनजर रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन कर दिया है। मुरादाबाद मंडल की ओर से लखनऊ और हरिद्वार के बीच एक जोड़ी अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाने के लिए समयसारिणी जारी कर दी गई। ट्रेन लखनऊ से हरिद्वार के बीच प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें हरदोई के अलावा बालामऊ और संडीला स्टेशन पर भी ट्रेन का ठहराव दिया गया है। इससे जिले के यात्रियों को राहत मिलेगी।
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में बाहरी प्रदेशों और जिलों में रहने वाले लोग अपने घर आते हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों में सीटों की भारी मांग के चलते लंबी प्रतीक्षा सूची तैयार हो जाती है, ट्रेनों में आरक्षण की मारामारी शुरू हो जाती है। जनरल डिब्बों में भी पैर रखने का स्थान नहीं मिलता है। यात्रियों को होने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने रक्षाबंधन पर अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय किया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 04330 हरिद्वार से लखनऊ के लिए 27, 28 व 29 अगस्त को संचालित होगी। यह ट्रेन हरिद्वार से दोपहर 3:10 बजे रवाना होकर नजीबाबाद, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर होते हुए हरदोई में रात 10:00 बजे पहुंचेगी। दो मिनट के ठहराव के बाद बालामऊ और संडीला होते हुए रात 12:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
इसी प्रकार ट्रेन 04329 लखनऊ से हरिद्वार के लिए 28, 29 व 30 अगस्त को चलेगी। यह ट्रेन रात में 1:15 बजे लखनऊ से चलकर संडीला, बालामऊ होते हुए तड़के 03:00 बजे हरदोई में रुकेगी। इसके बाद शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और नजीबाबाद होते हुए सुबह 11:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। बताया कि ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित स्पेशल ट्रेन है, सामान्य टिकट पर यात्रा की सुविधा मिलेगी।